काशीपुर। कर्ज में डूबे एक राइस मिलर ने खेत में जहर खाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्राम हल्दुआ साहू निवासी जोगेंद्र कुमार (42) पुत्र स्व. देशराज सिंह 10 वर्ष पूर्व तक अलीगंज रोड स्थित एक राइस मिल में मुंशीगिरी करता था। बाद में उसने अपनी आढ़त खोल ली। कुछ वर्ष पूर्व उसने हल्दुआ में राइस मिल लगाई थी। बताया गया है कि उस पर बैंकों, आढ़तियों और काश्तकारों का करोड़ों रुपये बकाया था। 27 जुलाई 2019 में जोगेंद्र घर छोड़कर चला गया था। सात अगस्त को वह हरिद्वार के एक आश्रम में मिला था। लौटने पर उसने कर्ज के चलते घर छोड़कर जाने की बात कही थी।
उसके बाद से जोगेंद्र कुमार मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जोगेंद्र गांव के मंदिर में दर्शन करने गया था। वहां से लौटकर वह बाइक लेकर राइस मिल की ओर चला गया। मिल के पास एक खेत में पहुंचकर उसने जहर खा लिया। इसके बाद उसने अपने मुंशी अमित कुमार को फोन कर इस बारे में बताया।
मुंशी की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उसे जसपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसओ राजेश यादव ने बताया कि परिजनों ने उसकी मौत की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। मृतक के परिवार में पत्नी वंदना के अलावा 10 वर्ष पुत्र लवीश भी है।