थर्टी फर्स्ट को लेकर होटलों में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर पुलिस ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। एसपी सिटी ने सभी होटल प्रबंधकों की बैठक कर कार्यक्रम स्थलों में सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिए। साफ कहा कि कोई भी व्यक्ति कार्यक्रमों में लाइसेंसी असलहे रखकर शामिल नहीं होगा। होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी कि गेट पर ही चेकिंग कर असलहों को जमा करा लिया जाए।
शुक्रवार को अपने कार्यालय में हुई बैठक में एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा ने कहा कि सभी होटल कार्यक्रमों को लेकर अनुमति लेंगे। होटल के जिस क्षेत्र में कार्यक्रम होंगे, वहां अनिवार्य रूप से सीसीटीवी लगे होने चाहिए। कार्यक्रमों में शालीनता होनी चाहिए। सभी होटल पार्किंग की व्यवस्था पहले से ही दुरुस्त रखें। होटल में आने वाले लोगों की गाड़ियों से सड़क में यातायात बाधित नहीं रहना चाहिए।
कहा कि कईं जगहों पर कार्यक्रमों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं हुई हैं। ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो इसके लिए पहले ही लाइसेंसी असलहों को जमा करा लिया जाए। अगर कहीं लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार ने कहा कि यह पहले ही जांच लें कि सीसीटीवी काम कर रहे हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि जिन होटलों में निर्देशों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर, एसपी सिटी ने बताया कि थर्टी फर्स्ट के जश्न को देखते हुए शहर में जगह-जगह बैरियर लगाए जाएंगे। शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बताया कि पीएसी को भी ड्यूटी पर लगाया जाएगा।