काशीपुर में दवाई चैक करते डाक्टर।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। नगर निगम की टीम को मेडिकल स्टोर में काफी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां मिलीं, जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है। टीम की रिपोर्ट पर पुलिस ने दुकानदार को हिरासत में ले लिया। उधर, रुद्रपुर मार्ग पर निजी अस्पताल के सामने काफी मात्रा में मेडिकल वेस्ट पड़ा मिला।
रविवार को नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम प्रतिबंधित प्लास्टिक के डिस्पोजेबल की तलाश में खड़कपुर देवीपुरा गई। बालाजी मंदिर के पास मेडिकल स्टोर पर नशे की दवाइयां बिकने की सूचना पर जांच की गई तो काउंटर पर ही रखी नशीली दवाइयों के 830 टेबलेट बरामद हुए।
टीम ने दवाइयों को कब्जे में लेकर आईटीआई थाना पुलिस को सौंप दी। पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है। डॉ. अमरजीत सिंह ने बताया कि पकड़ी गईं दवाइयां प्रतिबंधित हैं। इनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।
इसके बाद टीम को रुद्रपुर मार्ग पर स्थित एक निजी अस्पताल के पास काफी मात्रा में मेडिकल वेस्ट पड़ा मिला, जिसमें सीरिंज और आपत्तिजनक वेस्ट था।
डॉ. सिंह ने इस संबंध में निजी अस्पताल के प्रबंधन को नोटिस भेजने की बात कही। मेडिकल में दवाइयां पकड़े जाने से दवा विक्रेताओं में हड़कंप मचा है। टीम में दिवेश छाबड़ा, संजय कुमार आदि शामिल थे।