देवरिया में वन में पेड़ों को राखी बांधती महिलाएं
- फोटो : amar ujala
ट्रंचिंग ग्राउंड के विरोध में देवरिया गांव के लोगों और स्कूली बच्चों ने वन भूमि पर लगे पेड़ों को राखी बांधकर वन की सुरक्षा की शपथ ली। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि किसी भी हालत में वन को उजडने नहीं देंगे। ग्रामीणों ने गांव से वन भूमि तक रैली निकालकर लोगों को जागरूक भी किया। ट्रंचिंग ग्राउंड के खिलाफ गांव में हस्ताक्षर अभियान जारी रहा।
बुधवार सुबह बड़ी संख्या में लोग गांव के स्कूल में एकत्र हुए। बाद में सभी पर्यावरण सुरक्षा के लिए जन जागरूकता रैली निकालते हुए वन भूमि पर पहुंचे यहां पर सभी ने हरे पेड़ों को राखियां बांधी। इस दौरान सभी ने पेड़ों को अपना भाई मानते हुए उनकी सुरक्षा की शपथ ली। ग्रामीणों ने किसी भी हालत पर ट्रंचिंग ग्राउंड नहीं बनाने देने पर जोर दिया। भाजपा नेता कमलेंद्र सेमवाल ने बताया कि सीएम त्रिवेंद्र रावत और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजे जाने वाले पत्र पर हस्ताक्षर अभियान बुधवार को भी जारी रहा।
ग्राम प्रधान आशा वर्मा ने बताया कि सुबह वे हंसी बिष्ट और सुनीता वर्मा के साथ रुद्रपुर में विधायक राजेश शुक्ला के आवास पर उनसे वन भूमि बचाने के लिये सहयोग की मांग की। ग्राम प्रधान वर्मा ने बताया कि विधायक शुक्ला भी जुलूस के बाद स्थानीय स्कूल पहुंचे थे। वहां जगत सिंह परिहार, देवकी परिहार, राहुल तिवारी, किरन वैष्णव, राजा भंडारी, रोहित वर्मा, मोहित वर्मा, अमित जोशी, हेमा तिवारी, चंद्रा तिवारी आदि थे।