नौ अगस्त को पहाड़गंज के पास कल्याणी नदी के ऊपर बाईं ओर का कुछ हिस्सा धंस गया था
रुद्रपुर। एनएच-74 पर क्षतिग्रस्त पुल पर नए सिरे से कंकरीट बिछेगा। एनएचएआई ने मरम्मत का काम शुरू कर दिया है। नौ अगस्त को एनएच- 74 (किच्छा रोड) पर पहाड़गंज के पास कल्याणी नदी के ऊपर बाईं ओर के मोटर पुल का कुछ हिस्सा धंसने और पुल की उल्टी साइड में कंकरीट उखड़ने की बात सामने आई थी। करीब पांच साल पहले ही बना पुल क्षतिग्रस्त होने पर जनप्रतिनिधियों ने पुल निर्माण में घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई थी।
एनएचएआई ने अगले दिन पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से पर अवरोधक लगाकर उस हिस्से से यातायात रोक दिया था। परियोजना निदेशक विकास मित्तल का कहना है कि क्षतिग्रस्त हिस्से पर पुराने कंकरीट के स्थान पर नए सिरे से कंकरीट डाला जाएगा। उन्होंने पुल पर कम क्षमता की सरिया लगी होने की बात को नकारते हुए कहा कि सरिया में कोई खामी नहीं है। कहा कि मरम्मत के बाद पुल का वह हिस्सा वाहन संचालन के लिए सुरक्षित हो जाएगा।
घटिया निर्माण के लिए होगा आंदोलन : ठुकराल
पूर्व विधायक ठुकराल ने शनिवार को क्षतिग्रस्त पुल पर पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने पुल क्षतिग्रस्त होने के लिए घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पुल पर मानक के विपरीत चार सूत की सरिया लगाई गई है। चार सूत की सरिया मोटर पुल पर नहीं लगाई जाती। कहा कि पुल क्षतिग्रस्त होने की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। जांच न होने पर वह आंदोलन शुरू करेंगे।