आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने लंबित मांगों के लिए नगर में रैली निकाली और वादाखिलाफी के विरोध में प्रदर्शन कर सरकार विरोधी नारे लगाए। अंत में सीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार यूसुफ अली को सौंपा। उन्होंने प्रदेश सरकार से अविलंब मानदेय एवं राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग की।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अमरजीत कौर के नेतृत्व में ब्लॉक परिसर धरना स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्र हुईं। उन्होंने सरकार की घोषणा का लाभ नहीं मिलने पर आक्रोश जताया। नारेबाजी कर नगर के मार्ग पर प्रदर्शन किया और सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। तहसील परिसर पहुंचकर सीएम पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार यूसुफ अली को सौंपा और अविलंब मांग पूरी करने को कहा।
कहा कि उन्हें मानदेय नहीं वेतन चाहिए। उन्होंने राज्य कर्मचारी घोषित करने की मांग की। तहसीलदार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। वहां मुकेश, मंजू, रीना देवी, मुन्नी देवी, सरिता, सर्वेश, रीना देवी, रंजना देवी, रेखा देवी, शोभा देवी, जशौदा देवी, दयावंती, निर्मला, कमला, मुनेश, कला गहतोड़ी, कमला भट्ट, निरमांती देवी, विजय लक्ष्मी आदि थे।
इधर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष उमेश सिंह राठौर बॉबी एवं प्रभारी नगर अध्यक्ष रवीश भटनागर ने धरना स्थल ब्लॉक परिसर पर पहुंचकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंगनबाड़ी की मांगों को जायज ठहराया है।