रुद्रपुर। टाइप-1 मधुमेह रोगियों को उपचार के लिए अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। शुक्रवार को ऐसे मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से जिला अस्पताल में टाइप-1 मधुमेह क्लिनिक की विधिवत शुरुआत हो गई। इस क्लिनिक के माध्यम से मधुमेह की बीमारी से जूझ रहे मरीजों को जांच व उपचार मुहैया कराया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. केके अग्रवाल ने कहा कि जिले में बढती स्वास्थ्य सुुविधाओं की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि है। टाइप-1 मधुमेह के लिए जीवन भर विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है जिसमें नियमित इंसुलिन और निरंतर निगरानी शामिल हैं।
इसके लिए मरीजों को विवश होकर बड़े शहरों में महंगा उपचार के लिए जाना पड़ता था लेकिन अब उनको बाहर नहीं जाना पड़ेगा। जिला अस्पताल के पीएमएस डाॅ. आरके सिन्हा ने कहा कि अस्पताल में मरीजों को समर्पित क्लिनिक में सभी जरूरी उपचार की सुविधा तो रहेगी ही है। मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें जरूरी परामर्श की सुविधा भी 24 घंटे मुहैया कराई जाएगी। टाइप एक मधुमेह क्लिनिक जिला अस्पताल के अंतर्गत एक विशेष इकाई है और यह शुरू से अंत तक देखभाल मॉडल प्रदान करेगा।