काशीपुर। साइबर सिटी गुरुग्राम में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी वाले शख्स को ऑर्गेनिक खेती के फायदे ने उनका फार्मिंग की तरफ रुझान बढ़ा दिया है। विदेश में रहकर भी ऑर्गेनिक के फायदे समझे थे लेकिन गुरुग्राम में लोगों के अस्वस्थ भोजन की आदत को देखते हुए उन्होंने ऑर्गेनिक फार्मिंग को बढ़ावा देने का निर्णय लिया है।
काशीपुर के गढ़ीनेगी ग्राम निवासी क्षितिज सिरोही अपनी पढ़ाई के लिए मैसाचुसेट्स के बोस्टन शहर में गए थे। वहां डाटा साइंस की पढ़ाई के बाद यूएस में नौकरी करने लगे। क्षितिज ने बताया कि यूएस में ज्यादातर लोग ऑर्गेनिक फूड आइटम की मांग करते हैं। वहां स्वास्थ्य को लेकर लोग काफी चिंतित नजर आते हैं।
मेरे पिता विनीत सिरोही किसान है। ऐसे में मुझे यूएस में ऑर्गेनिक खेती का महत्व समझ में आया। उस दौरान मैंने सोचा था कि गांव जाकर इस पर काम करूंगा। लेकिन इंडिया आकर गुरुग्राम की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करने लगा। यहां पर लोगों की लाइफस्टाइल देखकर पता चला कि लोग अपने स्वास्थ्य के साथ काफी खिलवाड़ कर रहे हैं।
अनहेल्दी फूड का सेवन अधिक कर रहे हैं, जबकि जागरूक लोग अपने गार्डन और बालकनी तक में ऑर्गेनिक सब्जियां उगा रहे हैं। यहां से मैंने दोबारा ऑर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के बारे में सोचा। पिता से बात करके गढ़ीनेगी में वर्मीकंपोस्ट तैयार करना शुरू किया। अभी एक बार में दो से ढाई हजार किलो तक वर्मीकंपोस्ट तैयार कर रहे हैं। सप्लाई बढ़ने पर इसकी मात्रा बढ़ाएंगे। उ
न्होंने बताया कि पिता की मदद से वर्मीकंपोस्ट अपने खेतों में ही तैयार कर रहे हैं। काम जैसे-जैसे बढ़ने लगेगा, वैसे नौकरी छोड़कर पूरी तरह इस कार्य में जुट जाएंगे।
12 रुपये किलो में बेच रहे वर्मीकंपोस्ट
क्षितिज ने बताया कि एक किलो, पांच किलो और 25 किलो के पैकेट में वर्मीकंपोस्ट को सप्लाई कर रहे हैं। एक किलो की कीमत 10-12 रुपये है। इसे दूर सप्लाई करने पर कीमतों में कुछ बढ़ोतरी होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन वेबसाइट तैयार की है। जल्द ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी वर्मीकंपोस्ट की बिक्री की जाएगी।
क्या है वर्मीकंपोस्ट?
वर्मीकंपोस्ट एक जैविक खाद है, जो केंचुओं से वनस्पति और भोजन के कचरे को अपघटित करके बनाई जाती है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होती है और मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार करती है। इसे केंचुआ खाद भी कहते हैं और यह बदबू रहित होती है, जिससे यह पर्यावरण के लिए अनुकूल है।