रुद्रपुर की गांधी कॉलोनी में सजी खजले, फैनी व रमजानी ब्रेड की दुकान।
- फोटो : RUDRAPUR
इबादत का महीना रमजान बुधवार से शुरू हो गया। इसके बाद साथ ही लोगों ने पहला रोजा रखा। रामपुर से आने वाली स्पेशल रमजानी ब्रेड व फैनी रोजेदारों की पहली पसंद है।
मैदा, रिफाइंड व घी के दाम बढ़ने से इस बार खजला व फैनी के दामों में 20 रुपये की बढ़ोतरी हो गई है। पिछले साल 140 रुपये किलो बिकने वाली फैनी व खजला इस बार 160 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। रमजान माह में सहरी के लिए खजला, फैनी, सिंवई, हलवा व पराठें की दुकानें शहर में सज गईं हैं। कोरोना संक्रमण के बीच दुकानों में दो गज की दूरी का पालन और सैनिटाइजर की बोतल रखी हुई हैं।
बगैर मास्क के पहुंचने वाले ग्राहक को दुकानदार मास्क भी दे रहे हैं। गांधी कॉलोनी में स्थित दुकानदार मोहम्मद दानिश कहते हैं कि पिछले 20 सालों से रमजान माह में खजले, फैनी, हलवा, पराठा और रमजानी ब्रेड की दुकान लगाते हैं। हलवा,पराठा और खजले दुकान पर ही बनाए जाते हैं। रमजान में शाम को ग्राहक खरीदारी रहे हैं। इधर, वक्फ इंतजामिया कमेटी के सदस्य हाफिज मोहम्मद आलम रिजवी ने बताया कि बुुधवार को पहला रोजा रखा गया।