रुद्रपुर। कोरोना संक्रमण कम होते ही शिक्षा विभाग ने शिक्षा सत्र शुरू होने से पूर्व की तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं। सीईओ रमेश चंद्र आर्य ने रुद्रपुर और किच्छा के तीन स्कूलों में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। फाजलपुर महरौला जीजीआईसी में रैंप निर्माण में लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को चेतावनी देते हुए दोबारा निर्माण करने के निर्देश दिए।
डीएम रंजना राजगुरू ने बीते मंगलवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए सीईओ को एक जुलाई से नए शिक्षा सत्र की तैयारी शुरू करने के निर्देश देने के साथ ही स्कूलों का निरीक्षण करने को कहा था। इसके बाद सीईओ ने किच्छा स्थित हाईस्कूल भंगा और प्राथमिक स्कूल किशनपुर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के साथ ही स्कूल में बिजली, पानी आदि मूलभूत सुविधाओं को भी परखा। निरीक्षण के दौरान रुद्रपुर में फाजलपुर महरौला जीजीआईसी में रैंप निर्माण में लापरवाही नजर आई। सीईओ ने कहा कि जीजीआईसी में रैंप को बहुत ऊंचा बनाया गया था। इससे दिव्यांगों को असुविधा होगी। उन्होंने बताया कि कार्यदायी संस्थाओं पेयजल निगम ओर आरडब्ल्यूडी के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए रैंप का निर्माण दोबारा करने के निर्देश दिए गए हैं।