गृहमंत्री राजनाथ सिंह शनिवार को खटीमा महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसकी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स मांगी है। एसएसबी की एक प्लाटून यहां चौकसी पर रहेगी। एनएसजी के अधिकारी यहां दो दिन से डेरा डाले हुए हैं। हेलीपैड के चारों ओर चाक चौबंद व्यवस्था की गई है। हेलीपैड से महोत्सव स्थल तक जब केंद्रीय गृहमंत्री का काफिला निकलेगा तो उस समय मार्ग पर आवागमन ठप्प कर दिया जाएगा। एसडीएम ऋचा सिंह ने स्थानीय पुलिस प्रशासन व एसएसबी, एनएसजी, खुफिया विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की। बैठक के बाद उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर हेलीकाप्टर की ट्रायल लेंडिंग भी देखी।
शनिवार को गृहमंत्री सिंह बीएसएफ के हेलीकाप्टर से पौने ग्यारह बजे सफदरगंज एयरपोर्ट से यहां के लिए उड़ान भरेंगे। उनका हेलीकाप्टर पौने बारह बजे एचएन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर कालेज के समीप बने हेलीपैड पर उतरेगा। यहां पर चारों ओर एसएसबी, पुलिस के जवान तैनात रहेंगे और भाजपा कार्यकर्ता स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। यहां वरिष्ठ व्यवसायी वरुण अग्रवाल के आवास पर भोजन की व्यवस्था की गई है। हेलीपैड से वाहन द्वारा गृहमंत्री वाहन द्वारा तराई बीज निगम के प्रांगण में पहुंचकर खटीमा महोत्सव का शुभारंभ और उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों के परिजनों को सम्मानित करेंगे।
एसडीएम सिंह और विधायक पुष्कर सिंह धामी, विधायक डा. प्रेम सिंह राणा ने अन्य अधिकारियों को साथ लेकर कार्यक्रम स्थल व हेलीपैड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री गोपाल बोरा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नंदन सिंह खड़ायत, हिमांशु बिष्ट, वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन बोरा, अमित पांडे, दान बहादुर सिंह, हरीश जोशी, राजेंद्र जेठी, दीपक तिवारी, अजीत साहनी, ललित जोशी, सतीश भट्ट आदि थे।
हेलीपैड पर हुई ट्रायल लेंडिंग
खटीमा। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आगमन से पहले हेलीकाप्टर की ट्रायल लेंडिग कराई गई। बीएसएफ के पायलेट हंसा दत्त लोहनी अपनी टीम के साथ जेडपी 5244 से एक बजकर चालीस मिनट पर दिल्ली से यहां के लिए रवाना हुए। उनका हेलीकाप्टर 2.15 पर यहां विकास खंड कार्यालय के पीछे वरिष्ठ व्यवसायी वरुण अग्रवाल के निजी मैदान में बने हेलीपैड पर उतरा। हेलीकाप्टर चारों ओर तीन चक्कर लगाने के बाद उतरा। पायलट ने दो टेलीफोन टावरों की वजह से महाविद्यालय की ओर से हेलीपैड पर उतारा। एनएसजी के अधिकारी मनीष कुमार मीणा ने भी हेलीपैड के चारों ओर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड के चारों ओर और अधिक फोर्स की जरूरत बताई।
एसडीएम ने ली सभी अधिकारियों की बैठक
खटीमा। एसडीएम ऋचा सिंह ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम की तैयारियों में लगे अधिकारियों की बैठक ली और कार्यक्रम की रूपरेखा तय की। उन्होंने बताया कि शनिवार को एडीएम आशीष भटगई, एएसपी पंकज भट्ट यहां मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर सीओ प्रताप सिंह पांगती, एनएसजी के अधिकारी मनीष कुमार मीणा, अधिशासी अधिकारी केसी पंत, सीओ इंटेलीजेंस शैलेंद्र प्रताप सिंह, डा. सुनीता रतूड़ी, तहसीलदार राधेश्याम राणा, एसएसआई एचबी सेन, एसआई इंटेलीजेंस गौतम भंडारी, एसआई धाम सिंह पांगती, त्रिलोक सिंह बिष्ट, गिरवर सिंह, नरेंद्र गहतोड़ी आदि थे।