पंतनगर। पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त आंकड़ों और वैज्ञानिकों के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में 13-15 जुलाई के बीच रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रहेगा। इस संबंध में मौसम विभाग देहरादून की ओर से भी 13, 14 व 15 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश/आंधी का यलो अलर्ट जारी किया गया है।
जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि के निदेशक शोध डाॅ. एएस नैन के अनुसार अगले तीन दिनों में प्रतिदिन हल्की से मध्यम बारिश (5-15 मिमी) हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26-27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। साथ ही हवा पूर्व, दक्षिण-पूर्व, दक्षिण-पूर्व-पूर्व और पूर्व- दक्षिण-पूर्व दिशा से 4-8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की उम्मीद है।
दो दिन तेज उमस के बाद मौसम सुहाना
दो दिन तेज धूप के कारण लोग उमस से बेहाल रहे। शनिवार को दोपहर बाद एकाएक घिरे बादलों के बीच लगभग सात-आठ मिमी बारिश से मौसम सुहाना हो गया। इससे आमजन सहित किसानों ने चैन की सांस ली।
किसान ऐसे बचें नुकसान से
डॉ. नैन ने बताया कि भारी बारिश के चलते बुवाई कार्यों में व्यवधान आने के साथ ही रोपे गए पौधों को नुकसान सहित तोड़ी हुई उपज खराब हो सकती है। इसके लिए बुवाई कार्यों में थोड़ा इंतजार करें। धान के पौधों को नुकसान की स्थिति में गैपलिंग (बह गए पौधों के बीच की जगह पर दूसरे पौधे लगाना) की जानी चाहिए। साथ ही तोड़ी हुई बागवानी उपज को अच्छी तरह से संग्रहीत कर लेना चाहिए या तुरंत बिक्री के लिए बाजारों में भेज देना चाहिए। बुवाई हल्की बारिश वाले दिनों में की जानी चाहिए और भारी बारिश में उचित जल निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए।