कंचन तारा होटल से आवास विकास को जाने वाले रास्ते में हुए गड्ढे।
रुद्रपुर। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 15 अक्तूबर तक सड़कों के गड्ढे भरने के निर्देश दिए हैं। उनके आदेश का असर जिले में कितना होगा और कब दिखेगा इसकी तस्वीर मानसून खत्म होने के बाद साफ होगी।
बहरहाल, इस बारिश के सीजन ने रुद्रपुर शहर की अधिकतर सड़कों को उधेड़ कर रख दिया है। नगर निगम और लोक निर्माण विभाग की ओर से मरम्मत के नाम पर लगाए गए टल्ले भी पानी में बह गए। सड़कें गड्ढों से पटी हुई हैं जिससे आम जनता के साथ-साथ स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे खराब हालत ट्रांजिट कैंप, आवास विकास, काशीपुर बाईपास रोड और सिडकुल मार्ग की है। इन मार्गों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। दोपहिया वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। बारिश के पानी से गड्ढे भर जाने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों को बनाने व उनकी मरम्मत के नाम पर लीपापोती कर दी जाती है, बरसात ने इसकी पोल खोल दी है। गड्ढों की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए सीएम धामी ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि 15 अक्तूबर तक शहर की सभी सड़कों के गड्ढे हर हाल में भरे जाएं। इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।