बाजपुर। हल्द्वानी-रामपुर स्टेट हाइवे पर स्थित रेलवे क्रासिंग गेट नंबर 21 पर हुक का बूम बॉक्स में फंसने से एक तरफ का फाटक बंद रहा। इससे सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बृहस्पतिवार देर शाम 6:30 बजे लालकुआं से काशीपुर जा रही ट्रेन के लिए फाटक बंद किया गया। इसी दौरान एक ट्रेन काशीपुर से लालकुआं जा रही थी, जिससे काफी देर तक फाटक बंद ही रहा। ट्रेेनों के गुजरने पर गेटमैन ने फाटक खोला तो एक तरफ का फाटक (बैरियर) खुल गया और दूसरी ओर के फाटक का हुक में बूम बॉक्स में फंसा रह गया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दोपहिया समेत छोटे वाहन गुरुद्वारा मार्ग होकर चूना भट्टी रेलवे क्रासिंग से गुजरे। गेटमैन विनोद यादव ने काफी मशक्कत के बाद फाटक को खोला। गेटमैन के अनुसार तीन दिन से फाटक में खराबी आ रही है। बुधवार को मिस्त्री ठीक करने आया था लेकिन फाटक ठीक नहीं हुआ। इस बारे में स्टेशन मास्टर को अवगत कराया गया है। बताया कि फाटक बंद होने पर नीचे से दोपहिया वाहनों के जबरन निकालने से फाटक में खराबी आ रही है।