दिल्ली में रेल मंत्री को ज्ञापन सौंपते सांसद अनिल बलूनी।
- फोटो : KASHIPUR
काशीपुर। सांसद अनिल बलूनी ने रेलमंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात करके काशीपुर-धामपुर के बीच रेल लाइन बिछाने की मांग की है। बलूनी ने उन्हें यह भी बताया कि इस रेल लाइन के बनने से कुमाऊं और गढ़वाल मंडल की दूरी करीब 50 किलोमीटर कम हो जाएगी। रेल मंत्री ने अनिल बलूनी को उचित कार्यवाही का भरोसा दिया है।
राज्य सभा सदस्य एवं भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने दिल्ली में रेलमंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। इस दौरान सांसद बलूनी ने उन्हें बताया कि काठगोदाम से देहरादून के बीच रेल लाइन की दूरी 338 किलोमीटर है। काठगोदाम से देहरादून के लिए रेल लाइन रामपुर-मुरादाबाद से होकर धामपुर जाती है। मुरादाबाद व्यस्ततम शहर है। इसलिए आउटर पर ही रेल घंटों रुकती है। अगर काशीपुर से धामपुर के बीच रेल लाइन बिछाई जाए तो दूरी 50 किलोमीटर कम हो जाएगी। मुरादाबाद स्टेशन पर अनावश्यक विलंब से मुक्ति मिल जाएगी। सांसद ने कहा कि वर्ष 2013-14 में उत्तर रेलवे ने काशीपुर-धामपुर के बीच रेल लाइन का सर्वे भी कराया था। रेलमंत्री ने शीघ्र ही इस रेल लाइन को मंजूरी दिलाने का आश्वासन दिया।