जिला पूर्ति विभाग ने रुद्रपुर, किच्छा, बाजपुर और गदरपुर क्षेत्र की 42 दुकानों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। जिसमें 14 दुकानें बंद पाई गई। वहीं एक दुकान में में अभिलेख में त्रुटियां पाई गईं। जिस पर जिला पूर्ति विभाग ने कार्रवाई करते हुए 1 दुकान निलंबित और 14 दुकानों की अनुबंध राशि जब्त कर ली है। छापेमारी के दौरान सस्ता गल्ला विक्रेताओं में खलबली मची रही।
अमर उजाला के अभियान के बाद जिला पूर्ति विभाग की कार्रवाई जारी है। बुधवार को जिला पूर्ति विभाग ने 6 दुकानों की अनुबंध राशि जब्त की थी। वहीं शुक्रवार को भी जिला पूर्ति विभाग ने रुद्रपुर की 12, किच्छा की 8, बाजपुर की 9 और गदरपुर क्षेत्र की 13 दुकानों में छापे मारे। छापे के दौरान पंतनगर में बलदेव राज चड्ढा, गोकुल नगर में किसन लाल, केलाखेड़ा में अजय कालरा, अजय गुप्ता, ज्ञान चंद्र गुप्ता, नीलम अग्रवाल, गदरपुर में सुरेंद्र चावला, जहांगीरपुर में सुरेंद्र कुमार, जाफरपुर में विकास कुमार, ढोलपुर में सोमनाथ, महतोष मोड़ हरभजन सिंह, अलखदेवी में अमृत सिंह, करतारपुर में सुभाष चंद्र, गदरपुर में विनयकुमार और राजरानी बांगा की सस्ते गल्ले की दुकान बंद पाई गई। जिसमें कार्रवाई करते हुए इनकी अनुबंध राशि जब्त कर ली गई है। वहीं गदरपुर में सुरेंद्र चावला की दुकान में अभिलेखों में भारी अनियमितता पाए जाने पर दुकान निलंबित कर दी है। उक्त कार्रवाई से जहां सस्ता गल्ला दुकानों में खलबली मची रही वहीं लोगों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया।