गदरपुर। विधानसभा क्षेत्र 65-गदरपुर में मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य पूरा हो गया है। निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय ने विसंगतियों के निस्तारण की स्थिति स्पष्ट की है। विधानसभा के कुल 1,39,588 मतदाताओं में से 52,653 लोगों को जारी विसंगति नोटिसों की नियमानुसार सुनवाई के बाद 47,331 मतदाताओं के नाम अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत कर लिए गए हैं।
एसडीएम अमृता शर्मा ने बताया कि कुल 52,653 विसंगति नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों पर नियमानुसार सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद 47,331 मतदाताओं के नाम अंतिम प्रकाशन के लिए स्वीकृत हुए। जो मतदाता सुनवाई में अनुपस्थित रहे या वैध साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाए, ऐसे 5,322 मतदाताओं के फॉर्म-7 (नाम विलोपन प्रक्रिया) जारी किए गए। इनमें 28 सितंबर को तैयार किए गए 1,980 प्रारूप-7 भी शामिल हैं। एसडीएम शर्मा ने स्पष्ट किया कि इन सभी मामलों में नियमानुसार नोटिस देकर सुनवाई की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त, मतदाता सूची पर 4,787 फॉर्म-7 आपत्तियों के रूप में प्राप्त हुए थे। इनकी अलग से विस्तृत सुनवाई की गई। इनमें से केवल 147 फॉर्म-7 ही स्वीकृत किए गए। शेष 4,640 आवेदनों को आधारहीन पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया।
फॉर्म-6 भरकर जुड़वा सकते हैं नाम, बीएलओ को निर्देश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अनुपस्थिति या साक्ष्य के अभाव में जिन मतदाताओं का नाम अंतिम सूची में शामिल होने से रह गया है, उन्हें घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे सभी पात्र मतदाता जरूरी साक्ष्य संलग्न करते हुए फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दोबारा जुड़वा सकते हैं। सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि अंतिम प्रकाशन के बाद भी छूटे हुए मतदाताओं से संपर्क कर उनके साक्ष्य लें और नियमानुसार फॉर्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराएं।