काशीपुर। प्रशासन की टीम ने शहर में जन सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खान साइबर कैफे में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर उसे सील कर दिया गया।
एसडीएम अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को प्रशासन की टीम ने तहसील क्षेत्र के जन सेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान खान साइबर कैफे में गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इस पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। अन्य केंद्रों पर भी कुछ कमियां मिलीं जिन्हें तीन दिन के भीतर अभिलेख सही करने के लिए कहा गया है। एसडीएम अभय प्रताप सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों से पिछले पांच वर्षों का डाटा मांगा गया है जिसकी जांच की जाएगी।
यदि कोई प्रमाणपत्र या दस्तावेज अवैध रूप से तैयार किया जाना पाया गया तो नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि हल्द्वानी तहसील क्षेत्र में एक ग्राहक सेवा केंद्र पर फर्जी अभिलेखों के आधार पर स्थायी प्रमाणपत्र जारी करने का मामला संज्ञान में आया था। इसके चलते डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सभी उप जिलाधिकारियों को जन सेवा केंद्रों का निरीक्षण करने के आदेश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार पंकज चंदोला, राजस्व उप निरीक्षक गौरव चौहान, रोहित शर्मा आदि थे।
खटीमा में दो जन सेवा केंद्र मिले बंद
खटीमा। अवैध रूप से जनसेवा केंद्रों के संचालन की शिकायत पर मंगलवार को तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण ने गोटिया और तहसील क्षेत्र में टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान करीब सात जनसेवा केंद्रों का निरीक्षण किया गया जिनमें दो बंद पाए गए। कुछ केंद्रों की आईडी की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि यदि कोई भी कूट रचित दस्तावेज किसी आवेदक या जन सेवा केंद्र संचालक की ओर से दर्ज किया जाता है तो उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहां दीवान सिंह आदि कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद