काशीपुर। बिजली की अघोषित कटौती के विरोध में अब लोग घरों से निकलकर सड़कों पर आने लगे हैं। सोमवार को चांदपुर मिलिट्री फार्म की महिलाओं ने लो वोल्टेज की समस्या पर ऊर्जा निगम के दफ्तर में प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस ने भी बिजली कटौती के विरोध में धरना प्रदर्शन किया।
सोमवार को चांदपुर मिलिट्री फार्म की महिलाएं सामाजिक कार्यकर्ता मंजू नेगी के नेतृत्व में ऊर्जा निगम के दफ्तर पहुंची। महिलाओं ने प्रदर्शन कर क्षेत्र में नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की। उनका कहना था कि गांव में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा है जिससे घरों में लो वोल्टेज रहती है। दो साल पहले जब ट्रांसफार्मर लगाया गया था, तब गांव में करीब 25 परिवार रहते थे। आज यहां परिवारों की संख्या 80 से अधिक है। लो वोल्टेज से घर में पंखे आदि नहीं चल रहे जिससे बच्चों, बुजुर्गों को गर्मी में सबसे अधिक परेशानी हो रही है। वहां कविता, जयवंती नेगी, बबिता, सीमा, रोशनी, उर्मिला, कांती आदि थे।
इधर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी विधान सभा अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता सुनील वर्मा के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बिजली कटौती रोकने, बिजली की दरें कम करने और बिजली के गलत बिलों को सही करने की मांग की। वहां महानगर अध्यक्ष संदीप सहगल, इंदूमान, अलका पाल, आशीष अरोरा, अरुण चौहान, जितेंद्र सरस्वती, आनंद कुमार आदि थे।