गदरपुर। ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है। बुधवार को कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुमित्तर भुल्लर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार लेना चंद्र धामी को सौंपा। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर किसानों को मुआवजा देने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि बीती नौ अक्तूबर को गदरपुर ब्लॉक क्षेत्र में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा था, लेकिन अब तक उन्हें मुआवजा नहीं मिला है। सुमित्तर भुल्लर ने कहा कि प्रभावित किसानों ने कर्ज लेकर गेहूं की बुवाई की है, लेकिन प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें कोई राहत नहीं दी गई है।
जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बेहड़ ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुध नहीं ले रही है। पहले किसानों की फसल ओलावृष्टि से बर्बाद हुई और अब गेहूं की बुवाई के समय डीएपी और एनपीके खाद की किल्लत बनी हुई है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर किसानों के खातों में मुआवजा राशि नहीं पहुंची तो तहसील स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह नयाल, नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अरोरा, हरिप्रकाश खेड़ा, सलीम बाबा, इदरीश पाशा, नीरज कुमार और साहिल गुंबर आदि मौजूद रहे।