काशीपुर में एसडीओ को ज्ञापन सौंपते लोग।
- फोटो : KASHIPUR
घनी बस्ती के ऊपर से हाईटेंशन लाइन खींचे जाने की भनक से प्रगति विहार कॉलोनी के लोगों का आक्रोश भड़क उठा। कई कालोनी वासियों ने ऊर्जा निगम के कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया। उन्होंने एसडीओ को ज्ञापन देकर प्रस्तावित लाइन का कार्य रोके जाने की मांग की।
सोमवार को बाजपुर रोड स्थित प्रगति विहार के कई लोग ईई कार्यालय पहुंचे। उन्होंने ईई की अनुपस्थिति में एसडीओ सुनील कुमार को ज्ञापन देकर कहा कि ऊर्जा निगम के ठेकेदार की ओर से उनकी कॉलोनी में हाईटेंशन लाइन खींचने की तैयारी की जा रही है।
आरोप लगाया कि व्यक्ति विशेष को लाभ पहुंचाने के लिए लोगों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। कॉलोनी के पास सरकारी स्कूल, अस्पताल आदि हैं। यहां एचटी लाइन खींचे जाने से कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। एसडीओ ने स्थलीय निरीक्षण के बाद इस संबंध में निर्णय लेने की बात कही। वहां पर विकास अग्रवाल, राजेश शर्मा, यशपाल सिंह राठी, जय सिंह यादव, सुरेंद्र मलिक, अजब सिंह यादव, चंद्र सिंह यादव, डीके शर्मा, गिरवर सिंह, मनोज कुमार आदि थे।