एसटीएफ टीम ने 330 ग्राम स्मैक के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्कर स्मैक को बरेली से खरीदकर ऊधमसिंह नगर में बेचने आ रहे थे। एसटीएफ ने स्मैक तस्करों के खिलाफ पंतनगर थाने में केस दर्ज कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर स्मैक तस्करों को पकड़ने के लिए टीम ने रविवार देर रात करीब सवा एक बजे नैनीताल रोड पर मटकोटा फार्म स्थित ओरिएंटल बैंक मोड़ के पास घेराबंदी की गई। इस दौरान बाइक (यूपी 25 सीबी 0979) पर सवार तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर बाइक सवारों के पास 330 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में बाइक सवारों ने अपना नाम बबलू निवासी एजाजनगर गौटिया निकट पशुपतिविहार पूनियार स्कूल थाना बारादरी (बरेली), फुरकान निवासी ग्राम व थाना भोट (रामपुर) हाल दक्ष इनक्लेव फ्लैट फुलसुंगी ट्रांजिट कैंप और नदीम खान निवासी एजाजनगर गौटिया पुराना शहर बरेली थाना बारादरी (बरेली) बताया।
एमपी सिंह ने कहा कि पकड़ी गई स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 हजार रुपये प्रति ग्राम है। आरोपियों के खिलाफ पंतनगर थाने में केस दर्ज कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है। टीम में एसआई विनोद चंद्र जोशी, बृजभूषण गुरुरानी, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह कनवाल, दुर्गा सिंह पापड़ा, किशोर कुमार, गुरवंत सिंह और राजेंद्र सिंह महरा मौजूद थे।
बरेली के अफाक से खरीदी थी स्मैक
रुद्रपुर। पकड़े गए तस्करों ने स्मैक को जगतपुरा बरेली निवासी अफाक से खरीदने की बात कही है। तस्करों का कहना है कि वह अफाक से 1700 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद स्मैक को जिले और बाहरी राज्यों में दो से ढाई हजार रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से बेचते थे। एसटीएफ टीम अफाक के ठिकाने पर दबिश के लिए रवाना हो गई है।
फुरकान पर टिकी एसटीएफ की नजर
रुद्रपुर। मूलरूप से रामपुर के भोट गांव का रहने वाला फुरकान दक्ष इनक्लेव में एक फ्लैट में रहता था। एसटीएफ की टीम आशंका जता रही है कि ऊधमसिंह नगर में रहकर वह स्मैक की तस्करी करता होगा। अब तक हुई जांच में पता चला है कि फुरकान के साथ फ्लैट में एक महिला भी रहती थी। एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी एमपी सिंह ने बताया कि फुरकान के मूल निवास पर टीम भेज दी गई है। फुरकान के साथ सभी तस्करों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
इस वर्ष की सबसे बड़ी कार्रवाई
रुद्रपुर। एसटीएफ के कुमाऊं प्रभारी के अनुसार 330 ग्राम स्मैक 2020 में सबसे बड़ी कार्रवाई है। इस वर्ष इससे पहले इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक बरामद नहीं हुई थी। वर्ष 2019 में एसटीएफ इससे ज्यादा स्मैक बरामद कर चुकी है।