आंबेडकर पार्क से अतिक्रमण हटाने समेत अन्य मांगों के लिए धरना
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर नगर के आंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण और पार्क से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर आंबेडकर युवा मंच के नेतृत्व में अनुसूचित जाति के लोगों ने धरना दिया। पार्क में ठेला लगाने वाले व्यवसायियों को गांधी पार्क की खाली जमीन में विस्थापित करने की मांग की।
आंबेडकर युवा मंच के संयोजक दीपक सागर ने कहा कि आंबेडकर पार्क में अतिक्रमण किया गया है। पार्क में ठेले लगवाए गए हैं। ठेला व्यवसायियों की आजीविका को देखते हुए वेंडिंग जोन का निर्माण होने तक इन्हें गांधी पार्क की खाली पड़ी जमीन में विस्थापित किया जाना चाहिए। धरनास्थल पर मौजूद व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि इस पर लीपापोती नहीं होनी चाहिए। भाजपा के प्रदेश मंत्री विकास शर्मा ने कहा कि ठेला व्यवसायियों के विस्थापन के लिए प्रशासन से वार्ता की जा रही है।
इसके अलावा लोगों ने पार्क के सौंदर्यीकरण, पार्क में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति लगाने, सफाई व विद्युत व्यवस्था करने, पार्क से ठेले हटाने के साथ ही पार्क के गेट पर नगर निगम का ताला लगाने की मांग की। मौके पर पहुंची उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी ने मंगलवार से दिन में दो बार पार्क की सफाई कराई जाएगी। मंगलवार से ही प्रकाश व्यवस्था पुख्ता करने के लिए विद्युत टीम मौके पर पहुंचेगी। डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगाने और सौंदर्यीकरण का काम पार्क से ठेले हटने के बाद किया जाएगा। इस पर लोग सहमत हो गए। वहां पर रंजीत सागर, राजपाल जाटव, सतपाल सिंह ठुकराल, विशाल मेहरा, प्रदीप कुमार सागर, सुरेश कुमार आदि मौजूद थे।