फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Udham Singh Nagar News: सीट बढ़ाने की मांग को लेकर डिग्री कॉलेज की छत पर चढ़े 16 छात्र

Thu, 21 Sep 2023 12:10 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊधम सिंह नगर
विज्ञापन
रुद्रपुर के एसबीएस डिग्री काॅलेज परिसर की छत पर चढकर प्रदर्शन करते छात्र। संवाद
विज्ञापन
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में 300 सीट बढ़ाने की मांग को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा हुआ। तीनों संकायों में सीट बढ़ाने की मांग को लेकर 16 छात्र कला संकाय भवन की छत पर चढ़ गए। कॉलेज प्रशासन के समझाने पर भी जब छात्र छत से उतरने को तैयार नहीं हुए तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। करीब पांच घंटे बाद छत से उतरे छात्रों की कॉलेज प्रशासन से वार्ता हुई और दो दिन तक प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने के आश्वासन पर मामला सुलट गया। इस पूरे मामले को छात्र संघ चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
विज्ञापन

बुधवार सुबह साढ़े दस बजे डिग्री कॉलेज की कला संकाय भवन की छत के दरवाजे का ताला तोड़कर 16 छात्र छत पर पहुंच गए। उन्होंने स्नातक प्रथम वर्ष के बीए, बीकाम और बीएससी में 100-100 सीट बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनके समर्थन में नीचे खड़े विद्यार्थियों ने भी नारे लगाए। सूचना पर मौके पर पहुंचे प्राचार्य डॉ. डीसी पंत सहित कई प्राध्यापकों ने छात्रों नीचे उतरने की अपील की लेकिन छात्र बिना सीट बढ़ाए नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं हुए। महाविद्यालय प्रशासन की सूचना पर कोतवाली से पुलिस फोर्स और अग्निशमन वाहन पहुंच गया। पुलिसकर्मियों ने भी छात्रों से छत से वार्ता कर मामला सुलझाने की अपील की लेकिन छात्र जिद पर अड़े रहे।
शाम करीब साढ़े तीन बजे कॉलेज पहुंचे संजय ठुकराल के आश्वासन पर छात्र छत से उतर गए। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन ने छात्रों संग हुई वार्ता में 25 और 26 सितंबर को प्रवेश प्रक्रिया दोबारा शुरू करने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन


प्राध्यापकों के साथ छात्रनेताओं की नोकझोंक
इस बीच कॉलेज में अफरातफरी का माहौल रहा और हंगामे के चलते शिक्षण कार्य प्रभावित हो गया। कुछ छात्रों ने छत पर चढ़े छात्रों के समर्थन में प्राचार्य कक्ष पहुंचकर एक घंटे तक प्राचार्य का घेराव किया। प्राचार्य ने सीट फुल होने का हवाला देकर और प्रवेश देने से इनकार कर दिया। इस दौरान प्राध्यापकों और छात्रनेताओं की नोकझोंक भी हुई। इससे गुस्साए छात्रों ने मांगों को लेकर प्राचार्य कक्ष में ही धरना देना शुरू किया। छात्र संघ कोषाध्यक्ष कुनाल गोस्वामी ने कहा कि सीट फुल होने के बावजूद दो दिन पहले वेबसाइट पर 150 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर ऑनलाइन फार्म भरे हैं। अभी भी सैकड़ों छात्रों को प्रवेश नहीं मिल पाया है।



ये है स्नातक प्रथम वर्ष के प्रवेश की स्थिति
कक्षा कुल सीट अब तक प्रवेश
बीए प्रथम वर्ष 1500 1326
बीकॉम प्रथम वर्ष 800 सभी सीट फुल
बीएससी 400 380


ट्रेंड बन गया है छत पर चढ़कर मांगे मनवाने का
रुद्रपुर। डिग्री कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के पहले छात्र नेता आंदोलन कर सक्रिय रहकर खुद को छात्रों का सबसे बड़ा हितैषी साबित करने की कोशिश में जुटे रहते हैं। ऐसे में हाल के कुछ सालों से मांगे मनवाने और कॉलेज प्रशासन पर दबाव बनाने के लिए छत पर चढ़ने का रिवाज सा बन गया है। उत्साह में छात्रों का यह कदम जानलेवा साबित हो सकता है। लिहाजा ऐसे मामलों में एहतियातन कॉलेज प्रशासन पुलिस को बुला लेता है। हालांकि अभी तक कोई घटना नहीं हुई है। लेकिन नाम चमकाने की खातिर कॉलेज की छत पर चढ़कर प्रदर्शन करना कहीं न कहीं जोखिम लेना है।

27 नवंबर 2021: डिग्री कॉलेज में एमएससी में जंतु, वनस्पति विज्ञान और गणित विषय शुरू करने की मांग को लेकर एबीवीपी के दो कार्यकर्ता कॉलेज की छत पर चढ़ गए थे।
25 मार्च 2022: एमए तृतीय वर्ष की छात्रा को परीक्षा देने से रोकने पर हंगामा हो गया था। नाराज छात्रा अपने साथियों के साथ कॉलेज की छत पर चढ़ गई थी।
30 अप्रैल 2022: दीनदयाल कौशल केंद्र में बैंकिंग एंड फाइनेंस की परीक्षाएं कराने की मांग को लेकर साढ़े तीन घंटे तक चार छात्र कॉलेज की छत पर चढ़े रहे।
28 सितंबर 2022: डिग्री कालेज में स्नातक प्रथम वर्ष में सीट बढ़ाने की मांग को लेकर छात्र कॉलेज की छत पर चढ़े थे।
16 नवंबर 2022: छात्र संघ अध्यक्ष और प्रोफेसर के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। जिसके बाद कई छात्र कॉलेज की छत पर चढ़ गए थे और प्रोफेसर पर कार्रवाई की मांग की थी।

25 और 26 सितंबर को सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक प्रवेश किए जाएंगे। फिलहाल पहले से निर्धारित सीट पर ही प्रवेश किए जाएंगे। कॉलेज की ओर से निदेशालय से कला , वाणिज्य व विज्ञान में सीट बढ़ाने की मांग की गई है। वहां से अनुमति मिलने पर ही बढ़ी सीट पर प्रवेश किए जाएंगे। - डॉ. डीसी पंत, प्राचार्य, डिग्री कॉलेज
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें