प्रोपर्टी डीलरों में लेनदेन के विवाद के चलते एक प्रोपर्टी डीलर का अपहरण हो गया। उसकी पत्नी ने दो प्रोपर्टी डीलरों के खिलाफ घर से अपहरण कर ले जाने और गायब करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लेकिन पुलिस अभी तक अपहृत प्रोपर्टी डीलर को तलाशने में विफल रही है।
शनिवार देर रात जसपुर खुर्द रुद्राक्ष गार्डन निवासी शालिनी वर्मा पत्नी संदीप वर्मा ने आईटीआई थाने में रिपोर्ट दर्ज कर कहा कि उसके पति प्रोपर्टी डीलिंग का काम करते हैं जिसमें उनको भारी नुकसान हो गया।
मनोज विश्नोई पुत्र नानक चंद्र निवासी सुभाष नगर और जस्सा पुत्र भजन सिंह निवासी बरखेड़ा पांडे सहित सात आठ लोग आए दिन उनके घर रुपये के लिए आते थे। 31 मार्च की शाम लगभग छह बजे मनोज विश्नोई और जस्सा कुछ आदमियों के साथ उनके घर आए और उसके पति को जबरन अपने साथ ले गए।
रात लगभग साढ़े दस बजे मनोज विश्नोई ने मेरे जेठ दीपक वर्मा को फोन पर बताया कि संदीप वर्मा उनके पास है। अगर उनका पैसा नहीं दिया तो उसे जान से मार देंगे। शालिनी ने पति के साथ अनहोनी होने की आशंका जताते हुए उसे छुड़ाने की गुहार लगाई है।
इधर, एएसपी कमलेश उपाध्याय ने संदीप वर्मा के कथित रुप से गायब होने की घटना को अपहरण मानने से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि यह लेने देन का विवाद है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संदीप वर्मा कहां है पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।