काशीपुर आईआईएम के अद्विका कार्यक्रम में शामिल महिला लीडर्स।
- फोटो : KASHIPUR
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में काशीपुर आईआईएम में दो दिवसीय महिला दिवस कॉन्क्लेव (अद्विका) का आयोजन किया गया। उद्योग जगत की बेहतरीन महिला लीडर्स कार्यक्रम में शामिल हुईं। इस दौरान डिजिटल मार्केटिंग और नेटवर्किंग के महत्व पर जोर दिया गया।
कॉन्क्लेव के पहले दिन वुमेन वी एडमायर विषय पर चर्चा हुई। प्रतिष्ठित वक्ताओं के पैनल में वीएमवेयर में ग्लोबल एनालिटिक्स लीडर रंजनी मणि, एनटीपीसी लिमिटेड में उप-महाप्रबंधक (एचआर) केनाश्री, इनमोबी (एपीएसी) में प्रबंध निदेशक वसुता अग्रवाल और एचपी (ग्रेटर एशिया) में क्षेत्रीय डिजिटल मार्केटिंग ऑपरेशंस लीडर सुचित्रा विश्वनाथन शामिल रहे। पैनल ने कॉरपोरेट जगत में एक महिला होने की अभिन्नता पर प्रकाश डाला।
साथ ही डिजिटल मार्केटिंग की क्रांतिकारी प्रकृति के बारे में भी अपने विचार व्यक्त किए। दूसरे दिन को आयोजित कार्यक्रम में रोल्स-रॉयस (एपीएसी) में एआई इनोवेशन हब एंड पार्टनरशिप एंड इकोसिस्टम की हेड राजश्री राव, टीसीएस में हेड ऑफ स्ट्रेटजी, बिजनेस एनालिटिक्स व एनालिटिक्स एंड इनसाइट्स सुदेशना चौधरी, आरबीएल बैंक में सीनियर वाइस प्रेसीडेंट और हेड ऑफ ट्रांसफॉर्मेशन (रिटेल ऑपरेशंस) रोहिणी शर्मा और माइक्रोसॉफ्ट में डायरेक्टर सेल्स (रिटेल एंड ग्रोथ) सौजन्य सेठी शामिल रहे। वक्ताओं ने आज की दुनिया में नेटवर्किंग के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि कैसे यह सीखने के नए दरवाजे खोल देता है और कॅरिअर में आगे बढ़ने का एक साधन भी है।
उन्होंने बताया कि तकनीकी क्षेत्र में कैसे आईओटी हर उद्योग में व्यापक हो रहा है। विशेषकर मोटर वाहन क्षेत्र में इसकी अधिक प्रगति देखी गई है। उन्होंने आने वाली पीढ़ी की महिला लीडर्स का मार्गदर्शन करते हुए यह सलाह दी कि वह यह सुनिश्चित कर लें कि अपने कॅरियर में सदा के लिए पेशेवर दौड़ का हिस्सा रहें। वक्ताओं ने छात्रों के सवालों का भी समाधान किया। समापन पर आईआईएम ने अपने पार्टनर ग्रो-ट्रीज के माध्यम से अतिथियों को पौधे भेंट किए।