काशीपुर। उत्तराखंड परिवहन निगम के काशीपुर डिपो को आय का लक्ष्य हासिल करने में निजी बसें बाधा डाल रही हैं। डिपो परिसर के पास से ही कई रूटों की निजी बसें सवारियां उड़ा ले जा रही हैं। इस कारण परिवहन निगम की बसों की आय घट गई है।
काशीपुर रोडवेज डिपो से 37 परिवहन निगम और 22 अनुबंधित बसों का संचालन प्रतिदिन किया जाता है। उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय ने काशीपुर डिपो का आय लक्ष्य प्राप्ति 11 लाख 14 हजार तय कर रखा है। डिपो प्रशासन को इस लक्ष्य को हासिल करने में पसीने छूट रहे हैं।
शहर से बड़ी संख्या में विभिन्न रूटों पर निजी बसों व यूपी के डिपो की बसों का अधिक संचालन होने से रोडवेज बस को यात्री कम मिल रहे हैं। वहीं आरओबी के कारण अधिकांश बसें डायवर्ट रूटों से होकर आ-जा रही हैं। इससे डिपो को लक्ष्य हासिल करने में परेशानी हो रही है।
डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अनवर कमाल ने बताया कि आय कम आने की प्रतिदिन समीक्षा कर परिचालकों के नियमित रूप से रूट परिवर्तित करने की प्रक्रिया भी चल रही है। साथ ही सवारियां कम होने के कारण प्रतिदिन 50 फीसदी अनुबंधित बसों को रूट पर भेजा रहा है। उन्होंने बताया कि डिपो का लक्ष्य 11 लाख 14 हजार रुपये है जबकि डिपो को प्रतिदिन की आय सात लाख तक हो रही है।