कूड़ा वाहनों को शहीद स्मारक के गेट के पास रोका
खटीमा। पुरानी तहसील परिसर में कूड़ा डालने के विरोध में शुक्रवार को वार्ड नंबर 13 के सभासद ने लोगों के साथ शहीद स्मारक गेट के पास धरना दिया। इस दौरान कूड़ा वाहनों को गेट पर ही रोक दिया गया।
वार्ड नंबर 13 के सभासद सिद्धांत सिंह ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र का कूड़ा लंबे समय से शहीद स्मारक स्थल के पीछे पुरानी तहसील परिसर में डाला जा रहा है। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध लोगाें का वहां से गुजरना दूभर हो रहा है। इससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बना हुआ है। सभासद ने कहा कि यदि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो सभी वार्डवासी आंदोलन के लिए विवश होंगे। इसके बाद उन्होंने एसडीएम को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। वहां पर रोहित चौधरी, हर्षित सिंह, पारस अग्रवाल, नवल वाल्मिकी, विवेक वर्मा, संजय रस्तोगी, कुंदन, प्रथम अग्रवाल आदि थे।