शिक्षा विभाग की टीम ने सात स्कूलों का निरीक्षण कर एनसीईआरटी पुस्तकों के साथ निजी प्रकाशकों की पुस्तकें पकड़ीं। इस दौरान अन्य खामियां भी मिली। सोमवार को बीईओ आरएस नेगी ने टीम के साथ ग्राम मंडिया देवी स्थित एमए एकेडमी पर छापा मारा। स्कूल संचालक से मान्यता संबंधी दस्तावेज मांगें तो उन्होंने दस्तावेज दिखाने में असमर्थता जताई। जिस पर बीईओ ने उन्हें फटकार लगाई। टीम ने वीडियोग्राफी कर स्टोर रूम से निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें और ड्रेस भीा बरामद की। स्कूल में अप्रशिक्षित शिक्षकों से अध्ययन कार्य होता पाया गया। एएच मेमोरियल पब्लिक स्कूल महुआखेड़ागंज में अध्ययन कार्य में लगे शिक्षक अप्रशिक्षित मिले।
महुआखेड़ागंज स्थित एसएच पब्लिक जूनियर हाईस्कूल की सभी कक्षाओं में बच्चों को राष्ट्रीय बाल भारती (गाइड) से पढ़ाई करवाई जा रही थी। रजा हाईस्कूल में प्रधानाचार्य मोहम्मद अली के पास आय-व्यय का रजिस्टर नहीं मिला। स्कूल के कक्षा कक्ष में दरवाजे और खिड़की गायब मिली। कक्षा कक्ष बिना प्लास्टर के पाए गए।
ग्राम ढकिया गुलाबो स्थित संत हरदेव पब्लिक स्कूल में अध्यापकों की उपस्थिति पंजिका में पेंसिल से हाजिरी लगी होना पाया गया। साथ ही प्रत्येक कक्षा में निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकें मिली। इसी गांव में जुबिलिएंट स्कूल में एनसीईआरटी पुस्तकों के साथ निजी प्रकाशकों की पुस्तकें मिली। उधर डीएवी पब्लिक स्कूल में छात्रों के बैगों की जांच करने पर डीएवी पब्लिशर्स की पुस्तकें मिली। इसके अलावा सेंट मैरी स्कूल में नियमानुसार कार्य होता पाया गया। टीम में प्रभारी उप बीईओ राजीव लोचन, समन्वयक युद्धवीर सिंह, सुरेश सिंह, जितेंद्र चौधरी, दिनेश शर्मा शामिल थे।