श्रीपुर बिचवा इंटर कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य बिशन सिंह बसेड़ा के पुत्र गौरव बसेड़ा भारतीय सैन्य अकादमी से पास आउट होकर बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना में शामिल हुए हैं। गौरव ट्रेनिंग के दौरान भी जीआर मैडल (मिलिट्री स्टडीज) में प्रथम स्थान पर रहे। उन्होंने अकादमी बुक प्राइज भी प्राप्त किया।
काफलीगैर डीडीहाट तहसील के मूल निवासी गौरव का परिवार 1998 से यहां आदर्श कालोनी में टेलीफोन एक्सचेंज के पीछे रहता है। गौरव ने शिक्षा भारती इंटर कालेज से शिक्षा पूरी की। उन्हाेंने हाईस्कूल की मेरिट में 21वां, इंटर में 13वां स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। लेफ्टिनेंट बनने से पहले गौरव पंतनगर से कंप्यूटर इंजीनियरिंग कर रहे थे और सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उनका सपना अपने दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय सोबन सिंह बसेड़ा की तरह ही देश सेवा करने का था। गौरव ने अपनी सफलता के लिए पिता एवं मां आशा बसेड़ा को दिया है।