। करीब साढ़े पांच सौ श्रमिकों का बकाया वेतन, भत्तों का करीब दो करोड़ रुपये दबाए बैठे श्री श्याम पेपर मिल पर प्रशासन शिकंजा कसने जा रहा है। तहसीलदार ने श्रमिकों के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को घुमा रहे मिल प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में कार्रवाई करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है। दूसरी तरफ बकाया वेतन भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे श्रमिकों का मिल गेट पर धरना जारी रहा।
दरअसल मुरादाबाद रोड पर स्थित श्री श्याम पेपर मिल ने बीते अगस्त 2015 से करीब साढ़े पांच सौ श्रमिकों का करीब एक करोड़ 80 लाख रुपये का बकाया देना है। बकाया नहीं चुकाने पर प्रशासन ने करीब चार एकड़ जमीन कुर्क करने के साथ ही दो बार नीलामी की तारीख भी मुकर्रर कर दी थी। लेकिन प्रबंधन ने बकाया चुकाने को लेकर समय मांगा और प्रशासन को भी गुमराह किया।
जिसके चलते प्रशासन भी श्रमिकों के निशाने पर आ गया। तहसीलदार संजय कुमार ने बताया कि मिल प्रबंधन ने भुगतान करने की बात कहकर प्रशासन को भी गुमराह किया है। लिखित पत्र देने के बाद भी भुगतान नहीं किया। मिल प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर पुलिस को दी गई है। इधर बकाया भुगतान की मांग को लेकर मिल गेट पर श्रमिकों का धरना बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। धरना देने वालों में राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भगवत सिंह खालसा, अमरजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, प्रदीप, कुलविंदर सिंह, मनमीत, गोल्डी, संपत, लक्ष्मण कुमार आदि शामिल रहे।