पंतनगर। विवि परिसर में तीन से छह अक्तूबर तक लगने वाले 120वें किसान मेले की तैयारियों जोरशोर से चल रही हैं। मंगलवार को कुलपति डॉ. एसके कश्यप ने मेला स्थल का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने परिसर में विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध और व्यवस्थित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कुलपति ने प्रदर्शनी परिसर, स्टॉल, किसानों, आगंतुकों की सुविधाओं, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मेले के दौरान बढ़ने वाले यातायात को देखते हुए बाहरी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की समुचित व्यवस्था करने को कहा। यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि किसान मेले का उद्घाटन तीन अक्तूबर को राज्यपाल गुरमीत सिंह करेंगे। चार को पतंजलि हरिद्वार के आचार्य बालकृष्ण मेले में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले किसानों, कृषि विशेषज्ञों, उद्यमियों और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए। इस वर्ष किसान मेले की थीम स्मार्ट खेती, स्वस्थ धरती, समृद्ध किसान रखी गई है। संवाद