रुद्रपुर। किच्छा के बरा गांव में दो दिन पहले हुए प्रेमप्रकाश हत्याकांड का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। गांव के ही कैलाश गंगवार ने चार युवकों के साथ मिलकर प्रेमप्रकाश की लाठी-डंडों से पीटकर की उसकी हत्या कर दी थी। मुख्य आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस कार्यालय में एसएसपी डीएस कुंवर ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि 29 जून को बरा गांव निवासी प्रेमप्रकाश की हत्या कर दी गई थी। गांव के एक बगीचे से उसका शव बरामद हुआ था। मृतक के परिजन गुलाब राय की तहरीर पर बरा गांव निवासी नामजद आरोपी कैलाश गंगवार, अखिलेश, मुकेश और शंकर लाल के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था। एसएसपी ने बताया कि कैलाश गंगवार के ट्रैक्टर की पिन को प्रेमप्रकाश ने चुरा लिया था। इस पर कैलाश ने साथियों के साथ मिलकर उसे लाठी-डंडों से पीट दिया था, जिससे प्रेम प्रकाश की मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।
हत्यारोपी कैलाश गंगवार को पुलिस ने बीते बुधवार को नदेली बॉर्डर के पास बनी पुलिया से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा हत्यारोपी के पॉल्टीफार्म से बरामद किया गया। फरार अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है। हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम में एसओ पुलभट्टा विनोद जोशी, दरोगा अर्जुन गिरी, दिनेश चंद्र भट्ट, बसंत बल्लभ पंत, कांस्टेबल ललित चौधरी, ललित मोहन और कपिल कुमार शामिल रहे।