रुद्रपुर। मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के तहत आयोजित राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ में रुद्रपुर के खिलाड़ी प्रदीप कुमार ने ब्लाइंड श्रेणी की 200 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 12 से 13 फरवरी तक देहरादून के नूरखेड़ा स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की।
रुद्रपुर के मठकोटा टीडीसी कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी। एनआईएस कोच सत्य प्रकाश ने बताया कि प्रदीप कुमार लगातार अभ्यास और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल प्रदीप के लिए बल्कि अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। सही मार्गदर्शन, नियमित प्रशिक्षण और आत्मविश्वास के दम पर खिलाड़ी राज्य ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।