रुद्रपुर डाकघर में सर्वर खराबी के चलते खाली पड़े काउंटर
- फोटो : amar ujala
ऊधमसिंह नगर के 25 डाकघरों में शनिवार को सर्वर फेल होने से कामकाज ठप हो गया। रुद्रपुर कार्यालय में ढाई घंटे तक इंतजार के बाद कई उपभोक्ता बैरंग लौट गए। सुबह करीब 10 बजे जिले के सभी डाकघरों में कामकाज शुरू हुआ। अपराह्न 12 बजे सर्वर डाउन हो गया।
चूंकि सभी डाकघर सेंट्रल सर्वर से जुड़े हैं, इस कारण जिले के करीब 25 डाकघरों में ऑनलाइन कामकाज बंद हो गया। कंप्यूटर में ऑनलाइन डाक जमा करना, डाटा फीडिंग के साथ ही अन्य काम बाधित हो गए। काउंटरों पर रजिस्टर्ड डाक, स्पीड पोस्ट, पार्सल, भुगतान जमा करने के लिए खड़े लोग आधा घंटे तक इंतजार करते रहे।
लेकिन सर्वर चालू न होने से कई लोग बैरंग लौट गए। करीब ढाई बजे सर्वर शुरू हुआ। पोस्टमास्टर यतेंद्र कुमार बमेठा ने कहा कि ऊधमसिंह नगर के साथ-साथ काठगोदाम के डाकघर में भी सर्वर की समस्या आ गई थी। चेन्नई स्थित सीबीएस सर्वर में गड़बड़ी होने से यह दिक्कत आई थी।
दो माह बाद ठीक हुई आधार कार्ड मशीन
रुद्रपुर। दो माह से खराब पड़ी रुद्रपुर प्रधान डाकघर की आधार कार्ड नामांकन की मशीन शनिवार को दुरुस्त हो गई। दो माह से आधार नामांकन और अपडेशन कराने आ रहे लोगों को डाकघर से निराश लौटना पड़ रहा था। शनिवार को कई लोगों ने आधार कार्ड अपडेट कराए।