रुद्रपुर। लोक निर्माण विभाग ने मटकोटा-दिनेशपुर-गदरपुर सड़क पर पड़े गड्ढों को अस्थायी रूप से पाट दिया है। सड़क की निकास नालियों की भी सफाई कराई है। सड़क पर गड्ढे से दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
बरसात का सीजन शुरू होने के बाद फिर मटकोटा-दिनेशपुर-गदरपुर सड़क पर गड्ढे होने लगे थे। गड्ढों के कारण वाहन संचालन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जयनगर-चार में एक स्थान पर बड़े गड्ढे से हादसे का खतरा था। गड्ढे में दोपहिया वाहन रपट रहे थे। दोपहिया चालक चोटिल हो रहे थे। अमर उजाला ने बीते नौ जुलाई के अंक में-सड़कों को जख्म देने लगी बरसात, शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर का संज्ञान लेते हुए लोनिवि प्रांतीय खंड ने बीते शुक्रवार को जयनगर-चार में बड़े गड्ढे को रोड़ी-बजरी से पाट दिया है। निकास नालियों की सफाई कराई है। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता हरीश सिंह बसेड़ा ने कहा कि अस्थायी रूप से गड्ढों को पाटा जा रहा है। मानसून काल के बाद मटकोटा-दिनेशपुर-गदरपुर सड़क का विस्तारीकरण का काम शुरू होना है। सड़क डबल लेन बनाई जानी है। इसके बाद कोई समस्या नहीं रहेगी।