काशीपुर। कोरोना महामारी में कदमों तो ठिठके लेकिन हौसलों ने उड़ान भरी थी। ऐसे ही सपनों की उड़ान भरने वाली हैं काशीपुर की दीपा अग्रवाल।
उन्होंने 1200 रुपये से पांच साल पहले मसाले का कारोबार शुरू किया जो आज 50 लाख रुपये सालाना की आय दे रहा है। कम उम्र में उन्होंने वह कामयाबी हासिल की जो बहुतों को नामुमकिन लगने लगती है। फिल्म एक्ट्रेस हेमामालिनी, पूनम ढिल्लो, मंदाकिनी ने भी इनके मसालों का स्वाद चखकर तारीफ की है।
काशीपुर निवासी 43 वर्षीय दीपा अग्रवाल ने बताया कि उन्हें स्वादिष्ट खाना पकाना बेहद पसंद था। वे बाजार से खड़े मसाले चुनकर लाती थीं और फिर मसालों को मिक्स करके रेसिपी बनाती थीं। कोरोनाकाल में जब सब कुछ बंद हो गया तो पड़ोसियों के साथ सब्जियां और अन्य पकवान की कटोरी साझा होने लगी। कई बार लोगों को मसाले भी दिए। उन लोगों ने कहा कि इतने बढ़िया मसाले तैयार करने के लिए पैसे लेने चाहिए। एक दिन उनके पति ने आइडिया दिया कि अपने शौक को बिजनेस क्यों नहीं बनाती हो।
पति ने समझाया कि अपनी रेसिपी के हिसाब से मसालों का प्रीमिक्स बनाकर ऑनलाइन सेल करो। इसके बाद उन्होंने लॉकडाउन के समय का सदुपयोग करते हुए आर-डी अम्मा मसाला तैयार कर दिया। उनकी सोसाइटी से शुरू हुआ मसाले का सफर आज 12 अलग देशों तक सप्लाई हो रहा है। उन्होंने बताया कि उनका जन्म काशीपुर में 9 फरवरी 1982 को हुआ। पिता स्व. रामकुमार अग्रवाल व्यापारी थे और मां मंजू अग्रवाल गृहिणी हैं। बड़े भाई कपिल अग्रवाल व्यापारी हैं।
दीपा ने बीकॉम तक शिक्षा प्राप्त की है। 2002 में ठाकुरद्वारा के मितेश अग्रवाल के साथ उनका विवाह हुआ। बेटी दिविशा अग्रवाल की पढ़ाई पूरी हो चुकी है और वह बिजनेस में हाथ बंटा रही है। बेटा शुभ अग्रवाल भी साथ में जुड़ा है। मसाले मलेशिया, कनाडा, दुबई सहित अलग-अलग देशों में सप्लाई हो रहे हैं। ऑनलाइन मसालों के व्यापार से करीब 50 लाख रुपये सालाना का कारोबार हो रहा है।