लोकसभा चुनाव में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सीट पर भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के साथ ही उनकी पार्टी के दिग्गजों के प्रदर्शन पर भी सबकी निगाहें थीं। नतीजे आए तो भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई। कांग्रेस प्रत्याशी को उनके दिग्गज समग्र जीत दिलाना दूर, अपने बूथों पर भी जीत नहीं दिलवा पाए। विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री को शिकस्त देकर सुर्खियों में आए उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी विधानसभा क्षेत्र और अपने बूथ पर पार्टी प्रत्याशी को बढ़त नहीं दिला सके।
विधानसभा चुनाव में जिले से कांग्रेस के पांच और भाजपा के चार विधायक जीतकर आए थे। विधानसभा चुनाव के ठीक दो साल बाद हुए लोकसभा चुनाव दोनों पार्टियों के विधायकों की पहली परीक्षा थी। युवा चेहरा होने की वजह से कांग्रेस के उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी प्रत्याशी की दौड़ में भी शामिल थे लेकिन टिकट झटकने में प्रकाश जोशी कामयाब हो गए थे। इधर अपने-अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए दोनों दलों के विधायक पूरे जोश के साथ जुटे थे लेकिन जब ईवीएम खुली तो भाजपा विधायकों का प्रदर्शन तो ठीक रहा लेकिन जसपुर विधायक आदेश चौहान को छोड़कर अन्य कांग्रेसी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को जीत नहीं दिलवा सके। अधिकतर विधायकों के बूथों से भी पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।
जिले में सिर्फ नानकमत्ता विधायक गोपाल राणा के बूथ पर पार्टी प्रत्याशी को भाजपा से अधिक वोट मिले। उनके बूथ पर कांग्रेस को 469 और भाजपा को 233 वोट मिले। बाजपुर विधायक/नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का बूथ हल्द्वानी में हैं, जबकि उनके विधानसभा क्षेत्र में भी पार्टी प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस विधायकों के बूथों पर पार्टी का प्रदर्शन
दिग्गज का बूथ भाजपा कांग्रेस
उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी 363 114
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ 431 101
जसपुर विधायक आदेश चौहान 394 184
नानकमत्ता विधायक गोपाल राणा 233 469
मुख्यमंत्री धामी के बूथ पर एकतरफा पड़ा वोट
भाजपा के मंत्री और विधायक पार्टी की उम्मीदों पर खरे उतरे। सीएम पुष्कर सिंह धामी के खटीमा के नगरा तराई स्थित बूथ पर वोटिंग एकतरफा हुई। यहां भाजपा को 624 और कांग्रेस को सिर्फ 55 वोट ही मिल सके। सितारंगज में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के बूथ पर भाजपा को 678 और कांग्रेस को 249 वोट मिले। रुद्रपुर में विधायक शिव अरोरा के बूथ पर भाजपा को 359 और कांग्रेस को 73 मत प्राप्त हुए। गदरपुर विधायक अरविंद पांडेय के बूथ पर भाजपा को 371 और कांग्रेस को 174 वोट मिले। काशीपुर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के बूथ पर भाजपा को 428 और कांग्रेस को महज 56 वोट ही मिल सके।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष के बूथ पर पार्टी को मिले सिर्फ 74 वोट
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ से विवाद पर चर्चा में आए कांग्रेस महानगर अध्यक्ष सीपी शर्मा अपना बूथ तक नहीं बचा सके। रुद्रपुर विधानसभा से कांग्रेस को सबसे शर्मनाक हार झेलनी पड़ी थी। शर्मा के बूथ संख्या 56 पर भाजपा को 529 और कांग्रेस को महज 74 वोट ही मिले। यह बूथ निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह का भी था। मेयर और कार्यकर्ताओं की मेहनत बूथ के परिणाम के साथ सामने आ गई।
बागेश्वर-प्रदीप ने अपने बूथ पर किया अजय को पराजित
लोकसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार हार का स्वाद चखने वाले कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा अपने बूथ पर भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा से 111 मतों से आगे रहे। बागेश्वर की भाजपा विधायक पार्वती दास के बूथ में कांग्रेस 10 मतों से आगे रही।
चंपावत - लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह के बूथ पर प्रदीप को पड़े महज 45 वोट
लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अपने बूथ पर प्रदीप टम्टा को जीत नहीं दिला पाए। उनके राप्रावि चिलनियां बूथ पर 268 लोगों ने मतदान किया। इसमें 210 मत भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा को पड़े जबकि मात्र 45 मत कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में पड़े। तीन मत अन्य को पड़े। 10 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा के रापूमावि ईजड़ा में भाजपा प्रत्याशी को 135 मत मिले। यहां कांग्रेस प्रत्याशी को 16 मत पड़े। इसके अलावा सात वोट अन्य उम्मीदवार और तीन मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। चंपावत में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत के राप्रावि चंपावत में भाजपा प्रत्याशी को 327 मत पड़े जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 200 मत पड़े। यहां पर 656 मतदाताओं ने मतदान किया। 23 वोट नोटा को पड़े।
चंपावत में छह तो लोहाघाट में तीन बूथों पर कांग्रेस का प्रदर्शन बेहतर
चंपावत जिले की दोनों विधानसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव की मतगणना में कांग्रेस ने नौ बूथों पर शानदार प्रदर्शन किया। इसमें चंपावत के छह और लोहाघाट के तीन बूथों पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा को भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा से अधिक मत मिले।
पंचायत भवन मनिहारगोठ में कांग्रेस प्रत्याशी को 302, भाजपा प्रत्याशी को 128, किरन आर्या, इंजीनियर ज्योति प्रकाश टम्टा, डॉ. प्रमोद कुमार को एक-एक और तीन मत नोटा को पड़े। राप्रावि पल्सों में 172 मत कांग्रेस प्रत्याशी, भाजपा प्रत्याशी को 163, नारायण राम को आठ, किरन आर्या को 3, डॉ. प्रमोद कुमार ने 1, तीन मत नोटा को पड़े। जीआईसी टनकपुर कक्षा नंबर 3 में कांग्रेस प्रत्याशी को 419, भाजपा प्रत्याशी को 248, किरन आर्या को 4, इंजीनियर ज्योति प्रकाश टम्टा, डॉ. प्रमोद कुमार, को एक-एक मत पड़ा जबकि तीन मत नोटा को पड़े।
लोहाघाट में चार बूथ पर कांग्रेस प्रत्याशी आगे
लोहाघाट में कांग्रेस प्रत्याशी चार बूथों में आगे रहे। राप्रावित तड़ीगांव में कांग्रेस प्रत्याशी को 145 तो भाजपा प्रत्याशी को 45 मत पड़े। राप्रावि तल्ला सुल्ला में कांग्रेस प्रत्याशी को 103, भाजपा प्रत्याशी को 67 मत पड़े। जिला पंचायत भवन लोहाघाट कक्ष नंबर एक में कांग्रेस प्रत्याशी को 167 मत और भाजपा प्रत्याशी को 154 मत पड़े।