भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की ओर से कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के लिए की गई अशोभनीय टिप्पणी से कांग्रेसियों में आक्रोश है। बुधवार को जिले भर में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर भगत के बयान की निंदा की और उनका पुतला फूंका।
गदरपुर में कृषि उत्पादन मंडी समिति के पास एकत्र कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला फूंका। वहां राजेंद्र पाल सिंह, इंद्रपाल सिंह संधू, शैलेंद्र शर्मा, अजय गाबा, संजीव अरोरा, शराफत अली मंसूरी, किशोर सामंत, राजेश बाबा, मोहित चौहान, नानक चंद आदि थे।
उधर, महिला कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष रीना कपूर ने भी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान की निंदा की है। बुधवार को पत्रकार वार्ता में रीना ने कहा कि भाजपा खुद को अनुशासित पार्टी कहती है लेकिन उसके प्रदेश अध्यक्ष ही मातृ शक्ति का अपमान कर रहे हैं, जो निंदनीय है। वहां महिला नगर अध्यक्ष गदरपुर पायल बजाज, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रेखा रावत, गूलरभोज महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष नाजमा बेगम थीं।
इधर, लालपुर में कांग्रेसियों ने रामेश्वरपुर मोड़ पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत का पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदेश महामंत्री हरीश पनेरू ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की ओर से मातृ शक्ति पर इस तरह की अपमानजनक टिप्पणी करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
भाजपा को चाहिए कि उन्हें शीघ्र पद से हटाए। वहां ब्लॉक अध्यक्ष रमेश तिवारी, विनोद ठुकराल, नरेंद्र ग्रोवर, गुरदास कालरा, अनवर हुसैन अंसारी, नरेंद्र कमरा, श्रीराम शर्मा, अजीत सचदेवा, अजय खुराना, फरहान मलिक, मोहित कश्यप आदि थे। वहीं, पंतनगर में उत्तरांचल संगम के अध्यक्ष जीवन सिंह नेगी ने भी बंशीधर भगत के बयान की निंदा की।
उधर, किच्छा में महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव सुनीता कश्यप ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के आपत्तिजनक बयान की निंदा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मांग की है कि वह भगत से माफी मंगवाएं अन्यथा प्रदेश की मातृ शक्ति बंशीधर भगत के खिलाफ आंदोलन करेंगी।
सितारगंज में भी भगत के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंका
सितारगंज। नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के खिलाफ अमर्यादित बयान देने वाले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत के खिलाफ कांग्रेसियों में उबाल है। उन्होंने भगत के खिलाफ प्रदर्शन कर मुख्य चौराहे पर पुतला फूंका। पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि विधानसभा में डॉ. हृदयेश से वरिष्ठ कोई नेता नहीं है। बंशीधर को अपनी नहीं तो कम से कम अपनी पार्टी की गरिमा रखनी चाहिए। उनके बयान की जितनी निंदा की जाए कम है।
आरोप लगाया कि भगत के बयान से यह जाहिर हो गया है कि भाजपा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा खोखला है। वहां ब्लॉक अध्यक्ष करन जंग, नगराध्यक्ष हरपाल सिंह, एडवोकेट दयानंद सिंह, शाकिर अली, सरताज अहमद, यूसुफ मलिक, मुख्त्यार अंसारी, विपिन खोलिया, वसीम मियां, अखिलेश सिंह, सचिन गंगवार, नाजिम खान, जमशेद खान, तस्लीम अंसारी, राजेश जायसवाल आदि थे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान की निंदा
काशीपुर/जसपुर। कांग्रेस की प्रदेश सचिव अलका पाल ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत की ओर से नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश के संबंध में दिए गए अमर्यादित बयान के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की निंदा की है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा देकर भाजपा की नैया पार लगाने की बात करते हैं लेकिन उन्हीं की पार्टी के नेता महिलाओं के प्रति अशिष्ट भाषा का प्रयोग कर अपनी विकृत मानसिकता का परिचय देते हैं।
उधर, जसपुर में कांग्रेसियों ने पार्टी कार्यालय में बैठक कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत बयान की निंदा की। वहां नगर अध्यक्ष इख्तियार बबलू, रवि डोगरा, डॉ. एमपी सिंह सुल्तान भारती, मुकेश सिंह, राहुल गहलोत, डॉ. शुभ, नईम प्रधान, गजेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मो. आरिफ, शेर अली, जयेंद्र पाल, भीष्म सिंह, जाकिर हुसैन, सुखदेव सिंह आदि थे। (संवाद)