जसपुर में पालिका बोर्ड की बैठक करते सभासद।
- फोटो : KASHIPUR
नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सभासदों ने मौजा अमृतपुर में नगरपालिका की भूमि पर दुकानें बनवाए जाने और जेई का तबादला कराए जाने आदि के प्रस्ताव पारित किए हैं।
बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभागार में आयोजित बैठक में सभासदों का कहना था कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को दूसरी किस्त का जेई की रिपोर्ट न लगने से भुगतान नहीं हो रहा है। इस पर सभासदों ने हंगामा काटते हुए जेई को हटाए जाने का प्रस्ताव पारित किया। मौजा अमृतसर पट्टी खसरा नंबर 308 एनएच के किनारे पालिका की भूमि पर दुकानें बनवाए जाने, जसपुर पट्टी नेतराम पालिका की स्वामित्व की भूमि पर पानी निकासी हेतु नाले का निर्माण कराए जाने, मौजा अमृतपुर में जीजीआईसी के निकट खाली पड़ी भूमि पर फाइटर प्लेन मिग-21 की डमी का प्लेटफार्म तैयार कराए जाने, ट्रक यूनियन के पास नाले का निर्माण कराए जाने, अबुल कलाम आजाद पार्क का सौंदर्यीकरण कराए जाने और अलाव जलाने के लिए लकड़ी खरीदने आदि के प्रस्ताव पारित किए गए।
ईओ फहीम खान ने बताया कि बोर्ड की बैठक के एजेंडे में 16 प्रस्ताव रखे गए थे 10 प्रस्ताव पारित कर दिए गए छह प्रस्ताव अगली बोर्ड की बैठक में रखे जाएंगे। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्षा मुमताज बेगम ने की। वहां पर सुधीर विश्नोई, रूपा देवी, जाकिर हुसैन, गजराज सिंह, सुभाष शर्मा, नीरज कुमार, नफीसा बानो, फहीम अहमद, मो. यूसुफ आदि थे।