रुद्रपुर। कड़ी सुरक्षा और छिटपुट झड़पों के बीच बुधवार को जिले की नौ विधानसभा सीटों पर 80 प्रत्याशियों का भाग्य वोटिंग मशीनों में कैद हो गया। जिले में कुल 11 लाख 22 हजार 518 में से 75.94 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। जिले में सबसे अधिक मतदान गदरपुर विधानसभा में हुआ यहां मतदान का प्रतिशत 81.15 प्रतिशत रहा, जबकि काशीपुर विधानसभा में सबसे कम 68.43 फीसदी मतदान हुआ।
जिले भर मेें सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच सुबह आठ बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। 11 बजे तक मतदान का प्रतिशत कुछ धीमा रहा। तब तक सभी नौ सीटों पर कुल 18 प्रतिशत मतदान हो पाया था। इसके बाद मतदान प्रतिशत में तेजी आई। दोपहर 1 बजे तक मतदान का आंकड़ा 43 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान के लिए निर्धारित समय सीमा शाम पांच बजे तक सभी मतदाता वोट नहीं डाल पाये थे।
निर्धारित समय पांच बजे तक बूथों पर जो भी वोटर लाइन में लगे थे उन्हें वोट डालने की अनुमति दी गयी, जिसके चलते कुछ बूथों पर भीड़ अधिक होने के कारण 7 तक भी वोटिंग होती रही। कुल मिलाकर जनपद की सभी नौ सीटों पर 75.94 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान जिले में कुछ स्थानों पर छिटपुट झड़पें भी हुई। डीएम चंद्रेश कुमार यादव के मुताबिक मतदान प्रक्रिया के दौरान हुई झड़पों की वजह से कहीं भी मतदान प्रभावित नहीं हुआ। जो भी छिटपुट घटनायें हुई वह मतदान केंद्र से दूर हुई, जिन्हें प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए शांत करा दिया।
.........................................
विधानसभावार मतदान प्रतिशत
.............................................
विधानसभा क्षेत्र मतदान प्रतिशत
जसपुर 79.68
काशीपुर 68.43
बाजपुर 76.63
गदरपुर 81.15
रुद्रपुर 71.78
किच्छा 72.82
सितारगंज 79.50
नानकमत्ता 76.18
खटीमा 77.27
..........................................................
कुल योग 75.94