डीजीपी के निर्देश पर पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद फरार मोनू की गिरफ्तारी को पुलिस टीमें कई क्षेत्रों में दबिश दे रही हैं, लेकिन अभी फरार बदमाश की लोकेशन की वास्तविक जानकारी पुलिस को नहीं मिल पा रही है।
बीते 12 मार्च को गांव सरदारों वाला टांडा में पुल भट्टा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप में हुई डकैती के आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार और एसआई प्रहलाद सिंह बिष्ट गोली लगने से घायल हो गए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर ग्राम फिरोजपुर, बरा थाना पुल भट्टा निवासी गुरबाज सिंह उर्फ बाज और ग्राम सिरौली तलैय्या थाना किच्छा निवासी प्रताप मजूमदार उर्फ कल्लू और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया था। जबकि ग्राम बुढियाकालौनी थाना बहेड़ी जिला बरेली निवासी बदमाश भूपेंद्र उर्फ मोनू फरार हो गया था।
इधर, बीते शनिवार को रुद्रपुर में हुई क्राइम समीक्षा बैठक में डीजीपी बीएस सिद्धू ने आईटीआई एसओ को थाने से रवानगी कराने और मोनू की गिरफ्तारी के बाद ही आमद कराने के निर्देश दिए थे। निर्देश के बाद हरकत में आई पुलिस टीम एसओ हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में मोनू की गिरफ्तारी को उत्तराखंड और यूपी के कई क्षेत्रों में दबिश दे रही है।