नानकमत्ता। क्षेत्र में नवविवाहिता की इलाज के दौरान मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे ससुरालियों को पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
ग्राम हरैया निवासी सीमा कौर (19) पत्नी राजन सिंह उर्फ गोलू की मंगलवार को पीलीभीत में इलाज के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के चचेरे भाई पलविंदर सिंह ने थाने पहुंचकर बहन के मौत की सूचना परिजनों को दी। देर शाम मृतका के पिता लालपुर निवासी रंजीत सिंह ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने जुलाई 2018 में प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही ससुराली बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। बेटी ने कई बार अपनी मां को यह बात बताई थी। पिता ने ससुरालियों पर जहर देकर बेटी को मारने का आरोप लगाया है। वहीं, ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता बीमार थी। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पिता की तहरीर पर थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट पुलिस बल के साथ मृतका के गांव पहुंचे। इस दौरान ससुराल पक्ष रात में ही अंतिम संस्कार की तैयारी में लगा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर खटीमा मोर्चरी में रखवा दिया। बुधवार को तहसीलदार यूसुफ अली की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष कमलेश भट्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।