कारगिल शहीदों की याद में पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक में शौर्य दिवस मनाया गया। इस दौरान अशोक चक्र श्रृंखला विजेताओं के परिजनों को चेक भी सौंपे गए।
रविवार को पुलिस लाइन में शहीदों को याद कर शहीद स्मारक स्थल पर पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक राजकुमार ठुकराल, डीएम डा.पंकज पांडेय और एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने पुष्प माल्यार्पण कर उन्हें याद किया।
साथ ही पुलिस लाइन की सशस्त्र गारद के अलावा पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के पुलिस कर्मियों ने शहीदों को सलामी दी। डीएम डा. पंकज पांडे ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि सन 1947 की आजादी के बाद देश की दूसरी विजय के रूप में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
हमारे सैनिकों ने कारगिल युद्ध जीतकर यह साबित कर दिया कि हम प्रतिद्वंद्वी देश से विजय हासिल करने में सक्षम हैं। एसएसपी नीलेश आनंद भरणे ने कहा कि आज नौ जवानों को प्रेरित करने में शौर्य दिवस का महत्व है। इससे उनमें फौज और पुलिस में में जाने की प्रेरणा मिलेगी।
डीएम पांडेय ने अशोक चक्र श्रृंखला विजेताओं के परिजनों प्रेमा देवी को दो लाख, तिलगा देवी, गीता देवी, आशा देवी, ब्रज किशोर धामी, राजेंद्र सिंह, राजेश कुमार, विजय सिंह बोरा को एक-एक लाख और कलावती को छह लाख के चेक प्रदान किए। कार्यक्रम का संचालन जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एनएन त्रिपाठी ने किया।
इधर कारगिल दिवस पर गुरुनानक बालिका इंटर कालेज, राजकीय बालिका इंटर कालेज, आर्य समाज की छात्राओं ने देश भक्ति के कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर साहब सिंह, सुुरेंद्र सिंह, एसडीएम अनिल शुक्ला, सीओ पुलिस लाइन रमेश चंद्र जोशी, तहसीलदार गौरव चटवाल, आरआई जेसी पाठक, डीडीओ आरसी तिवारी, सीएमओ एचके जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी नीता तिवारी, वाचक मदन लाल, पीआरओ हिमांशु पंत आदि मौजूद थे।