बुधवार को चारा लेने गई वृद्धा का गन्ने के खेत में पड़ा मिला था शव
जसपुर। ओमवती हत्याकांड के तीसरे दिन भी कातिलों का सुराग नहीं लगा। आरोपियों को पकड़ना तो दूर पुलिस मौत का कारण भी नहीं जान पाई। पुलिस की तीन टीमें कातिलों की तलाश में जुटी हैं। बेटे अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम मुरलीवाला निवासी ओमवती देवी (65) पत्नी राजेंद्र सिंह का गांव से डेढ़ किमी दूर खेत है। वह इसी खेत पर रोजाना चारा लेने जाया करती थीं। बुधवार को भी वह चारा लेने गई थीं। देर शाम तक जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजन उनकी तलाश करते खेत पहुंचे। यहां गन्ने के खेत में ओमवती का शव पड़ा मिला।
महिला के गले में साड़ी लिपटी थी और कानों से सोने के कुंडल गायब थे। सीओ दीपक सिंह ने बताया कि ओमवती के पुत्र ललित कुमार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें काम कर रहीं हैं। कई संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। टीम ने शुक्रवार को भी ओमवती के घर से घटनास्थल तक निरीक्षण किया। उन्होंने घटना की कई पहलुओं से जांच की। गांव में लगे कैमरों की छानबीन की जा रही है।