पुलिस पर झोंके पांच फायर, जवाबी कार्रवाई में पैर पर लगी गोली, तमंचा और 100 ग्राम स्मैक हुई बरामद
नानकमत्ता/रुद्रपुर। नानकमत्ता में पुलिस और स्मैक तस्करी के आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी की ओर से की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की कार्रवाई में तस्कर के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी लाया गया। एसएसपी ने सीएचसी पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। 24 घंटे में जिले में हुई तीन मुठभेड़ में पांच आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, इनमें से चार के पैरों में गोली लगी है।
सोमवार की रात नौ बजे नानकमत्ता थाने की टीम ग्राम टुकड़ी व बिछुआ क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी बीच नानकमत्ता गुरुद्वारा के पीछे ग्राम नगला रोड पर एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर जंगल की तरफ भाग गया। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो उसने पुलिस पर फायर झोंक दिए। जवाब में आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायर किया तो आरोपी के
के पैर में गोली लगने के कारण वह घायल होकर गिर पड़ा। उनकी पहचान जसवंत सिंह उर्फ जस्सी निवासी ग्राम टुकड़ी, थाना नानकमत्ता के रूप में हुई।
बताया कि तलाशी में अभियुक्त के कब्जे से तीन कारतूस, एक तमंचा, 100 ग्राम स्मैक और दो हजार रुपए बरामद हुए हैं। बताया कि आरोपी को सीएचसी से हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहां पर सीओ खटीमा विमल रावत आदि थे।
1500 में खरीदता था और 3500 में बेचता था स्मैक
नानकमत्ता/रुद्रपुर। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने ग्राम गिद्धौर, नानकमत्ता निवासी लाली से स्मैक बेचने का अपराध सीखने की जानकारी लेना बताया। कहा कि वह स्मैक बेचकर कमाए रुपयों से अपना नया मकान बनवा रहा था। वह बहेड़ी के सलीम नाम के युवक से स्मैक खरीद कर लाता है।लाली भी उससे स्मैक खरीद लेता है। वह 1500 रुपये प्रति ग्राम में स्मैक लाकर कम से कम 3500 हजार रुपये प्रति ग्राम में बेच देता है। अच्छा मुनाफा होने की वजह से वह बार-बार स्मैक बेच रहा था। ब्यूरो/संवाद
पुलिस पर झोंके पांच फायर
नानकमत्ता/रुद्रपुर। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ने पुलिस टीम पर पांच फायर किए थे। पुलिस की ओर जवाब में तीन राउंड फायर किए गए थे। इसमें एक गोली उसके पैर पर लगी थी। घायल ने बताया कि घर पर उसकी मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। संवाद/ब्यूरो
आर्म्स एक्ट, बलवा, जानलेवा हमले के दर्ज हैं आठ केस
नानकमत्ता/रुद्रपुर।पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार जसवंत सिंह उर्फ जस्सी के खिलाफ नानकमत्ता थाने में आठ केस दर्ज हैं। इनमें दो आर्म्स एक्ट, एक एनडीपीएस, एक जानलेवा हमले का केस दर्ज है। इसके अलावा चार केस मारपीट, बलवा, धमकी के दर्ज है। एसएसपी ने बताया कि उसके खिलाफ खटीमा कोतवाली में एनडीपीएस का केस दर्ज है और वह चंपावत कोतवाली से भी एनडीपीएस एक्ट के केस में वांछित है। संवाद/ब्यूरो