नगदी जमा करने आए व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष से अभद्रता पर व्यापारियों ने पंजाब नेशनल बैंक में जमकर हंगामा काटा। कैशियर के माफी मांगने पर मामला शांत हुआ।
व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजेश बंसल बुधवार को सवा दो बजे जनता इंटर कालेज के सामने स्थित पीएनबी शाखा में 8 लाख रुपये जमा करने गए थे। आरोप है कि कैशियर ने कैश जमा करने से इंकार कर दिया और 3 बजे के बाद आने को कहा।
लंच टाईम शुरू होने से पहले कैश जमा करने से इंकार करने पर बंसल ने ऐतराज जताया, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गयी। आरोप है कि कैशियर ने अभद्रता की। व्यापारी नेता से अभद्रता की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, हरीश अरोरा, मनोज छाबड़ा, विक्की आहूजा, राजेश कामरा, प्रभात खुराना, राजकुमार सीकरी, सुनील समेत तमाम व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए।
अभद्रता का विरोध करते हुए व्यापारियों ने हंगामा शुरू कर दिया। व्यापारी कैशियर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। व्यापारियों का कहना था कि पूर्व में भी कैशियर की शिकायतें सामने आयी हैं। इस दौरान बैंक प्रबंधक बैंक में मौजूद नहीं थे, उन्होंने फोन पर व्यापारियों को कैशियर के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में कैशियर के माफी मांगने और व्यापारी नेता का कैश जमा करने पर मामला शांत हुआ।