रुद्रपुर कलक्ट्रेट में प्रेस वार्ता करते शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय।
- फोटो : amar ujala
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय ने कहा कि भारत को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 14 फरवरी को रुद्रपुर में प्रस्तावित महारैली को लेकर जनता उत्साहित है। प्रधानमंत्री महारैली में जनता को संबोधित करने के साथ ही किसानों के लिए ब्याज विहीन ऋण की भी घोषणा करेंगे।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए शिक्षा मंत्री पांडेय ने कहा कि पीएम मोदी किसानों की आय दोगुनी करने, एमएसपी और दो प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाने के बाद ब्याज विहीन ऋण देने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महारैली में 50 हजार से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
कांग्रेस की ओर से महारैली का विरोध करने के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का विरोध करना कांग्रेस के एजेंडे में शामिल है। लेकिन जनता जान चुकी है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में सिर्फ परिवारवाद को बढ़ाने का काम किया। प्रधानमंत्री मोदी ने जो विकास कार्य 55 महीने में किये, कांग्रेस 55 साल में नहीं कर सकी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं को प्रधानमंत्री की महारैली में पहुंचने का निमंत्रण देते हुए कहा कि कांग्रेसियों को देश के प्रधानमंत्री से सीख लेनी चाहिए। प्रधानमंत्री देश की सीमा में तैनात जवानों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर काफी संजीदा हैं।
इस दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश परिहार, पूर्व सांसद बलराज पासी, अजय तिवारी, शैलेंद्र कोली आदि मौजूद रहे।