मोहल्ला थाना साबिक निवासी एक डॉक्टर ने कुंडा थाने के ग्राम लालपुर निवासी एक युवक पर प्लॉट बेचने के नाम पर पौने दो लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। कुंडा थाना पुलिस को दी तहरीर में थाना साबिक निवासी डॉ. हबीबुर्रहमान ने कहा है कि ग्राम लालपुर निवासी एक व्यक्ति ने उनसे जसपुर रोड स्थित हाइवे से 200 मीटर अंदर 3000 वर्ग फिट के एक प्लॉट का सौदा तीन लाख रुपये में किया था।
उन्होंने ग्राम मिस्सरवाला निवासी नौशाद व ग्राम बैंतवाला निवासी इरशाद की मौजूदगी में उसे पौने दो लाख बतौर पेशगी दे दिए और विश्वास के चलते किसी तरह की लिखा-पढ़ी नही कराई। डॉ. रहमान का कहना है कि वह कई बार बकाया रकम लेकर प्लॉट का बैनामा करने की बात कह चुके हैं, लेकिन आरोपी न तो प्लॉट का बैनामा करा रहा है और न ही पौने दो लाख की रकम वापस लौटा रहा है। उनका कहना है कि सोमवार को रकम वापस मांगने पर आरोपी ने गाली गलौच कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। कुंडा थाना प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया के मामले की जांच की जा रही है।