रुद्रपुर में दिव्यांग खिलाड़ियों से पूछताछ करते सीओ।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। स्कूटी दिलाने के नाम पर 14 दिव्यांग खिलाड़ियों से एक लाख 12 हजार रुपये हड़पने वाले एक व्यक्ति पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। मंगलवार को बाजपुर के चार राष्ट्रीय खिलाड़ियों समेत एक दिव्यांग खिलाड़ी के सीओ कार्यालय में बयान दर्ज किए गए। सीओ ने दिव्यांग खिलाड़ियों को जल्द न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
बीते पांच मार्च को बाजपुर के 14 दिव्यांग खिलाड़ियों ने स्कूटी दिलाने के नाम पर गांधी कॉलोनी स्थित एक व्यक्ति के खिलाफ डीएम और सीओ को शिकायती पत्र सौंपा था।
दिव्यांग खिलाड़ियों का आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने राजीव फाउंडेशन से मिलने वाली फ्री दिव्यांगजन स्कूटी दिलाने के नाम पर धोखे से एक लाख 12 हजार रुपये हड़प लिए हैं। एथलेटिक्स में परचम लहराने वाले बाजपुर के राष्ट्रीय खिलाड़ी महेंद्र, लक्ष्मी, शांति और सतपाल ने मंगलवार को सीओ कार्यालय पहुंचकर बयान दर्ज कराए। सीओ अमित कुमार ने बताया कि जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)